नई दिल्ली/भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री सुजीत शर्मा ने भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा पर करारा व्यंग्य कसा है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के पास केंद्र और कई राज्यों में सत्ता है, वही “लोकतंत्र बचाने” के लिए सड़कों पर प्रदर्शन कर रही है यह राजनीतिक रूप से अविश्वसनीय और विरोधाभासी स्थिति है।
इंजन और डब्बा दोनों भाजपा का
सुजीत शर्मा ने कहा, इंजन भी अपना, डिब्बा भी अपना, सरकार भी अपनी और फिर लोकतंत्र बचाने की पदयात्रा भी अपनी! सवाल बस इतना है कि जब सत्ता आपके हाथ में है, तो लोकतंत्र को खतरा किससे है? विपक्ष से या उन सवालों से, जिनका जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है?
उन्होंने कहा जब सरकार, संस्थाएं और सत्ता का नियंत्रण एक ही पार्टी के पास हो, तब वह खुद को लोकतंत्र की रक्षक बताकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इसे “मूर्खतापूर्ण राजनीतिक विचार” कहा और पूछा कि ऐसा विचार आखिर किसके दिमाग में आता है।
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि नितिन नबीन को “व्यस्त दिखाने” के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “नितिन नबीन को व्यस्त दिखने के लिए ये सब करते देख दुख नहीं होता; क्या पता, यह आइडिया उन्हीं का हो।”






