नई दिल्ली। एशियन गेम्स-2026 में भारत की 17 साल की तीरंदाज कुमकुम मोहोद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। महिला व्यक्तिगत रिकर्व फाइनल में उन्होंने साउथ कोरिया की ओ येजिन को शूटऑफ में हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और दोनों खिलाड़ियों के बीच स्कोर 5-5 से बराबर हो गया। इसके बाद शूटऑफ में कुमकुम ने शानदार निशाना लगाते हुए परफेक्ट 10 स्कोर किया और 6-5 से मुकाबला जीत लिया।
कुमकुम की यह जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि एशियन गेम्स के महिला व्यक्तिगत रिकर्व इवेंट में भारत का यह पहला गोल्ड मेडल है। इससे पहले वह महिला रिकर्व टीम के साथ गोल्ड और मिक्स्ड रिकर्व में सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं। इस तरह एशियन गेम्स-2026 में यह उनका तीसरा पदक है।
फाइनल में एक समय कुमकुम 3-5 से पीछे चल रही थीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। पांचवें सेट में लगातार तीन बार 10 का स्कोर कर उन्होंने मुकाबले को शूटऑफ तक पहुंचा दिया। निर्णायक शूटऑफ में साउथ कोरिया की ओ येजिन ने 8 अंक हासिल किए, जबकि कुमकुम ने 10 पर निशाना लगाकर गोल्ड अपने नाम कर लिया।
कुमकुम की इस जीत के साथ भारत ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक-2028 के लिए महिला रिकर्व में एक कोटा स्थान भी हासिल कर लिया है। यह कोटा किसी एक खिलाड़ी के नाम नहीं, बल्कि भारत के नाम मिला है।





