रायपुर।मंत्रालय की जर्जर बस में आग लगने की घटना के विरोध में मंत्रालयीन कर्मचारियों ने आज कार्यालय में प्रवेश नहीं करने का निर्णय लिया है। कर्मचारी मंत्रालय के मुख्य द्वार पर एकत्र होकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे। यह निर्णय मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने लिया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को मंत्रालय से कर्मचारियों को लेकर कबीर नगर जा रही बस रवाना होने से पहले ही अचानक आग की लपटों में घिर गई। उस समय बस में करीब 35 कर्मचारी सवार थे। बस के निचले हिस्से से धुआं उठने के बाद कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाला गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
कर्मचारियों के बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद आग तेजी से फैल गई और करीब 20 मिनट में पूरी बस जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
कर्मचारियों का आरोप है कि मंत्रालय में संचालित बसों का लंबे समय से उचित रखरखाव नहीं किया जा रहा है। बताया गया है कि हादसे का शिकार बस करीब 14 साल पुरानी थी और उसमें अग्निशमन उपकरण भी उपलब्ध नहीं था। कर्मचारी संघ ने बसों की फिटनेस जांच, नियमित मेंटेनेंस और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था की मांग की है।





