रायपुर।राजधानी रायपुर के भाठागांव इलाके में बुधवार सुबह सब्जी बाजार की शिफ्टिंग को लेकर नगर निगम की टीम और कुछ स्थानीय लोगों के बीच जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट की नौबत आ गई। इस घटना में 4 से 5 नगर निगम कर्मचारियों के साथ-साथ एक पुलिस जवान भी घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की एंटी-एनक्रोचमेंट टीम बुधवार सुबह भाठागांव मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे चल रहे सब्जी बाजार को हटाने और उसे दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए पहुंची थी। बाजार को हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही कुछ व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। विरोध धीरे-धीरे बढ़ता गया और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि निगम कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई।
घटना के बाद नगर निगम की टीम पुरानी बस्ती थाने पहुंची और वहां लिखित शिकायत दर्ज कराई। टीम की ओर से मामले में FIR दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। पुलिस अब मामले में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए वायरल वीडियो और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए भेजा गया है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की। फिलहाल विवाद की पूरी वजह और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से नगर निगम की टीम भाठागांव सब्जी बाजार को हटाने का प्रयास कर रही है। इससे पहले भी व्यापारियों ने निगम मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया था और बेदखली के विरोध में अपनी आवाज उठाई थी।






