सक्ति जिले में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तहत खेल बुनियादी ढांचे के विकास की नई पहल शुरू की गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग कार्यालय सक्ति में आज जिला फेंसिंग एसोसिएशन सक्ति की प्रथम बैठक का आयोजन जिलाध्यक्ष चौलेश्वर चंद्राकर के मुख्यआतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर चंद्राकर ने कहा कि नवीन सक्ति जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें उचित मंच देकर प्रोत्साहित करने की।
चौलेश्वर चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और फेंसिंग (तलवारबाजी) खेल के साथ-साथ सभी खेलों की अधोसंरचना का विकास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में सरकार एवं ओलंपिक संघ के मार्गदर्शन में जिले में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को तराशने और सवारने का काम किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने जिलाध्यक्ष चौलेश्वर चंद्राकर का स्वागत किया और आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की। सदस्यों ने जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने पर जोर दिया।
इस अवसर पर सचिव आर. प्रधान, प्रदेश फेंसिंग संघ के संयुक्त सचिव वरुण पाण्डेय, सहायक खेल अधिकारी हरि पटेल, ए एस राज, चंद्र प्रकाश तिवारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ईदरीश कुरैशी, विनोद उराव, भोग सिंह कंवर, अनिश जायसवाल, बिहारी बरेठ, शंकर प्रसाद बरेठ, मोती लाल रात्रे, उमेश पटेल एवं पप्पू उपस्थित रहे।






