जांजगीर-चांपा में आकाशीय बिजली का कहर: 4 की दर्दनाक मौत, 3 घायल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार शाम को आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में कुल 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम महुदा में भारी बारिश के दौरान सब्जी बाड़ी में काम कर रहे 6 मजदूर भींगने से बचने के लिए एक झोपड़ी में रुके थे। इसी दौरान झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 3 लोग झुलस गए। मृतकों में नरेश खैरवार (24 वर्ष), रामभरोश पटेल (32 वर्ष) और तुलसी राम पटेल (51 वर्ष) शामिल हैं।

घायलों में अंजू पटेल (26 वर्ष), दुलारा बाई (46 वर्ष) और बैशाखू खेरवार (32 वर्ष) शामिल हैं। इन तीनों को तत्काल बलौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

वहीं, जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में सीसीआई के पास आकाशीय बिजली गिरने से 55 वर्षीय दूजराम जाटवर की मौत हो गई। वे बलौदा क्षेत्र के रहने वाले थे और खेती के काम से ग्राम मुरलीडीह आए हुए थे। इस तरह जिले में कुल मिलाकर 4 लोगों की जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी सहित पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई है और घायलों का इलाज सुनिश्चित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और झोपड़ियों के नीचे जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय हुआ है और मौसम विभाग ने 20 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में वृद्धि की आशंका जताई गई है, इसलिए लोगों से सतर्कता बरतने की गुजारिश की गई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment