छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोशल मीडिया पर किए गए कमेंट को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। खपरगंज इलाके में दोनों पक्षों के बीच मारपीट और गाली-गलौज के बाद जमकर ईंट-पत्थर चले। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस पर भी भीड़ ने पथराव कर दिया। घटना में तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी समेत कई पुलिसकर्मियों और युवकों के घायल होने की सूचना है।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज का है। बताया जा रहा है कि एक पक्ष के युवक ने दूसरे पक्ष के युवक के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ता चला गया। कुछ ही देर में दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया।
पुलिस पर पथराव, TI के सिर में लगी चोट
विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हालात बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों पर भी पत्थर फेंके गए। पथराव में तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी के सिर में चोट आई है। इसके अलावा कई अन्य पुलिसकर्मियों और युवकों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं तीन युवकों के चाकूबाजी में घायल होने की भी सूचना है।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई बार बल प्रयोग किया। स्थिति को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और उपद्रव कर रहे युवकों को खदेड़ा गया।

इलाके में तनाव, बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
घटना के बाद खपरगंज और आसपास के इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी भी की गई। देर रात तक सड़क पर युवकों की भीड़ जमा रही। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
स्थिति को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह समेत पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाला। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
वहीं विधायक सुशांत शुक्ला सहित स्थानीय नागरिक भी थाने पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने बैठक कर युवकों को समझाइश दी और माहौल शांत कराने का प्रयास किया।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। इलाके में स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया कमेंट से कैसे हुई और पथराव में शामिल लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जा रही है, इसे लेकर पुलिस की जांच जारी है।





