बिलासपुर।छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ IPS अधिकारी रतनलाल डांगी पर कथित उत्पीड़न से जुड़े मामले में बिलासपुर हाईकोर्ट में सुनवाई जारी है। महिला योगा शिक्षिका की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने गृह विभाग के सचिव और पुलिस मुख्यालय से जवाब मांगा है।
याचिकाकर्ता ने मौजूदा जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच किसी वरिष्ठ महिला IAS अधिकारी से कराने की मांग की है। याचिका में तत्कालीन IG आनंद छाबड़ा और तत्कालीन DIG मिलना कुर्रे की जांच भूमिका पर भी आपत्ति जताई गई है।
महिला शिक्षिका ने IPS रतनलाल डांगी की छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कथित अचल संपत्तियों की जांच कराने की मांग भी की है। इसके अलावा याचिका में निलंबन और आरोप साबित होने की स्थिति में सेवा से बर्खास्तगी की मांग की गई है।
फिलहाल हाईकोर्ट ने सरकार और पुलिस मुख्यालय से जवाब मांगा है। अब अगली सुनवाई में सरकार का पक्ष सामने आने के बाद मामले की आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।






