मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव के लिए बीजेपी ने कल आशुतोष तिवारी के नाम का ऐलान कर दिया।
उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद उनके समर्थक सड़कों पर उतर आए और जमकर हंगामा किया।
मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा ने अपने समर्थकों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है।
दरअसल, टिकट नहीं मिलने से नाराज़ समर्थकों का विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया, जिसके बाद दतिया में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
इसके बाद नरोत्तम मिश्रा ने कहा, “यह पार्टी का फैसला है। मैं सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि खासकर सोशल मीडिया पर पेट्रोल या मिट्टी का तेल डालने वाले वीडियो देखकर ऐसा कोई कदम न उठाएं।”
उन्होंने कहा कि पार्टी के मंच पर अपनी बात सही तरीके से रखी जाती है, इस तरह विरोध करना ठीक नहीं है।
इससे पहले दतिया के कलेक्टर स्वप्निल वानखेडे ने बताया कि पत्थरबाजी की घटना में आठ पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा, “एसडीपीओ के हाथ में गंभीर चोट आई है। एसपी और एएसपी भी घायल हुए हैं। मेरे सिर पर भी पत्थर लगा, लेकिन मैंने हेलमेट पहन रखा था।”
नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने ग्वालियर-झांसी हाईवे पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे करीब 25 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
पूरी रात चले इस प्रदर्शन के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर करीब 10 घंटे बाद हाईवे पर यातायात फिर से शुरू कराया।





