रायपुर। छत्तीसगढ़ में यात्रियों की सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए परिवहन विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश की सभी यात्री बसों में वाहन लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) लगाना और उसे हमेशा चालू रखना अनिवार्य होगा।
परिवहन विभाग ने बस संचालकों को 15 दिन का समय दिया है। इसके बाद भी जिन बसों में ट्रैकिंग डिवाइस नहीं लगी या उसे सक्रिय नहीं रखा गया, उनके खिलाफ मोटरयान अधिनियम, 1988 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में परिवहन सचिव एवं परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश ने नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन के परिवहन कार्यालय में बस संचालकों और वीएलटीडी लगाने के लिए अधिकृत वेंडरों के साथ संयुक्त बैठक की। बैठक में बसों में ट्रैकिंग डिवाइस लगाने और उनकी मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई।
इस नई व्यवस्था के तहत उपग्रह आधारित ट्रैकिंग सिस्टम से यह निगरानी की जा सकेगी कि बस तय रूट पर चल रही है या नहीं और उसका संचालन समय के अनुसार हो रहा है या नहीं।
इसके अलावा यात्रियों को भी संगवारी ऐप के जरिए बस की रियल-टाइम लोकेशन देखने की सुविधा मिलेगी, जिससे यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बन सकेगी।






