वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, चीतल का शिकार करने वाले दो आरोपी दबोचे गए, तीर-धनुष और मांस बरामद

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

गरियाबंद/रायपुर। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के शिकार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। वन मंत्री केदार कश्यप, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा टाइगर रिजर्व के निदेशक गुरुनाथन एन के नेतृत्व में एंटी पोचिंग टीम, डॉग स्क्वाड और वन अमले ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चीतल का शिकार करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

वन विभाग को 21 जून 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि उदंती कोर क्षेत्र के ग्राम अमाड़ में किसी वन्यप्राणी का अवैध शिकार किया गया है। सूचना मिलते ही विभाग की टीम सक्रिय हुई और सर्च वारंट के आधार पर संदिग्धों के घरों में दबिश दी गई।

तलाशी के दौरान आरोपी नरेश कुमार भुजिया और बालाराम सोरी के घरों से चीतल का पका हुआ मांस, खून से सने चार तीर, दो धनुष, दो धनुष गुलेल, खरगोश पकड़ने के पांच फंदे, सात मोर पंख, चार बाज के पंख सहित शिकार में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी नरेश कुमार ने स्वीकार किया कि उसने 17 जून को तारीपानी घाट क्षेत्र में तीर-धनुष से चीतल का शिकार किया था। आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल की पुष्टि की गई। इसके बाद दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

वन विभाग ने जब्त किए गए मांस के नमूनों को सील कर फॉरेंसिक जांच के लिए मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित स्कूल ऑफ वाइल्डलाइफ फॉरेंसिक एंड हेल्थ भेजा है। आरोपियों को जिला एवं अपर सत्र न्यायालय गरियाबंद में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में एंटी पोचिंग टीम के नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक गोपाल कश्यप, परिक्षेत्र अधिकारी ज्योति ध्रुव, पुनाराम साहू, भूपेंद्र कुमार भेड़िया, रिंकी जोशी, पामेश्वरी नेताम, ललिता मरकाम, टंकेश्वर देवांगन, योगेश कुमार दीवान, अजय कुमार जगने, रोहित, पवन कुमार निषाद सहित उत्तर उदंती वन परिक्षेत्र के कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं डॉग स्क्वाड की स्निफर डॉग “टीना” का योगदान भी इस पूरी कार्रवाई में बेहद अहम रहा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment