हाथियों के बाद अब भालू भी करंट की चपेट में: 11 केवी टूटे तार से उजड़ा पूरा परिवार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

प्रतापपुर।सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन क्षेत्र से बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां एक भालू परिवार करंट की चपेट में आ गया, जिससे नर, मादा और उनके शावक की मौके पर ही मौत हो गई। एक साथ तीन भालुओं की मौत से वन विभाग भी हैरान है।

जानकारी के मुताबिक, वन परिक्षेत्र प्रतापपुर के पार्वतीपुर स्थित नर्सरी से करीब 500 मीटर दूर वन विभाग के वृक्षारोपण क्षेत्र पी-17 में शुक्रवार रात एक भालू जोड़ा अपने बच्चे के साथ घूम रहा था। इसी दौरान वे 11 केवी बिजली लाइन के टूटकर जमीन पर गिरे तार के संपर्क में आ गए। तार में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात पार्वतीपुर इलाके में तेज आंधी और बारिश हुई थी। खराब मौसम के कारण बिजली लाइन के खंभे का इंसुलेटर टूट गया, जिससे तार जमीन पर गिर गया। जब तक इसकी जानकारी बिजली या वन विभाग को मिलती, तब तक भालू परिवार हादसे का शिकार हो चुका था।

शनिवार सुबह ग्रामीणों ने वन विभाग को घटना की सूचना दी। इसके बाद उप वन मंडलाधिकारी संस्कृति बार्ले, प्रभारी रेंजर विजय तिवारी सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा सहित आवश्यक कार्रवाई पूरी की।

घटना के बाद पशु चिकित्सकों की तीन सदस्यीय टीम ने तीनों भालुओं का पोस्टमार्टम किया। टीम में डॉ. विवेक पैकरा, डॉ. गोविंदा साहू और डॉ. एस.एन. पटेल शामिल थे। चिकित्सकों ने बताया कि तीनों भालुओं की मौत बिजली के करंट लगने से हुई है। उनके शरीर पर करंट से झुलसने के स्पष्ट निशान मिले हैं।

पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग ने नियमानुसार जंगल में ही तीनों भालुओं का अंतिम संस्कार किया। इस घटना ने एक बार फिर जंगलों से गुजरने वाली बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment