एनएचएआई का सड़क सुरक्षा पर जोर, रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर जागरूकता अभियान

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया, जिसमें वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए और यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप कुमार लाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट का उपयोग और गति सीमा का पालन जैसे छोटे कदम भी दुर्घटनाओं में जान बचाने में निर्णायक साबित होते हैं।

वहीं, परियोजना कार्यान्वयन इकाई (PIU) बिलासपुर के परियोजना निदेशक मुकेश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए आधुनिक तकनीक के साथ-साथ जागरूकता अभियानों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

अभियान के तहत सड़क दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव के लिए लाइव एक्सीडेंट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें एम्बुलेंस की त्वरित पहुँच, क्रेन के माध्यम से सड़क से बाधा हटाने और घायलों को प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।

इसके साथ ही एनएचआईटी के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में 50 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

एनएचएआई द्वारा प्रदेश के सभी टोल प्लाजा, प्रमुख जंक्शनों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा को लेकर निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके माध्यम से वाहन चालकों और यात्रियों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment