रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग की लपटें उठते ही कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। तत्काल कर्मचारियों और मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को भारी नुकसान पहुंचा है।
स्टोर रूम से भड़की आग, पूरे परिसर में फैला धुआं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत कार्यालय के स्टोर रूम से हुई, जहां बड़ी संख्या में कागजात और पुरानी फाइलें रखी हुई थीं। कागजों की अधिकता के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। धुएं और लपटों को देख कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। सुरक्षा के लिहाज से पूरे कार्यालय को खाली कराया गया।
शिक्षा विभाग के अहम दस्तावेज जलकर राख
इस अग्निकांड में विभागीय स्तर पर भारी क्षति हुई है। स्टोर रूम में रखे मध्यान्ह भोजन योजना, अनुकंपा नियुक्ति से जुड़ी फाइलें, स्कूलों की मान्यता संबंधी रिकॉर्ड और विभिन्न विद्यालयों से जुड़ी शिकायतों के दस्तावेज पूरी तरह जलकर खाक हो गए। इसके साथ ही कई प्रशासनिक जांचों और विभागीय कार्यवाहियों से जुड़ी फाइलें भी नष्ट हो गई हैं। माना जा रहा है कि इन दस्तावेजों के नष्ट होने से आने वाले समय में कई मामलों की जांच और प्रक्रियाओं पर असर पड़ सकता है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू
आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है। घटना की जानकारी कोतवाली थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। वहीं, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी नुकसान का आंकलन कर रहे हैं।







