बिलासपुर।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में धान खरीदी के दौरान किसानों से अवैध वसूली किए जाने का मामला उजागर होने के बाद जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। शिकायतों की पुष्टि होने पर कलेक्टर के निर्देशानुसार दो धान खरीदी केंद्रों के फड़ प्रभारियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि संबंधित समितियों के प्राधिकृत अधिकारियों को उनके पद से हटा दिया गया है।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि तौल प्रक्रिया के दौरान हमालों के माध्यम से किसानों से प्रति बोरी 5 से 6 रुपये की अवैध राशि वसूली जा रही थी। इस अनियमितता के चलते गतौरा धान खरीदी केंद्र के फड़ प्रभारी लव कुमार यादव, बारदाना प्रभारी शैलेश राठौर, कंप्यूटर ऑपरेटर हुलेश्वर धीरही और प्राधिकृत अधिकारी राजेंद्र राठौर को तत्काल प्रभाव से उनके दायित्वों से मुक्त कर दिया गया है।
वहीं, घुटकू धान खरीदी केंद्र में भी नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर प्राधिकृत अधिकारी दुर्गेश रजक तथा फड़ एवं बारदाना प्रभारी मुकेश कुमार लोनिया के खिलाफ भी सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की गई है।
प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसानों से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली, अनियमितता या शोषण को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में यदि ऐसी कोई शिकायत सामने आती है तो और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।



