कोरिया।जिले में रेत कारोबार को लेकर हुए विवाद ने मंगलवार रात खौफनाक रूप ले लिया। सोनहत तहसील के ग्राम कटगोड़ी में हुई इस घटना में एक फॉर्च्यूनर कार को पहले टिपर से टक्कर मारी गई, फिर उसमें आग लगा दी गई। इस हादसे में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 11 बजे की है। भरत सिंह अपने साथियों के साथ नवगई गांव की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में पहले से मौजूद लोगों ने उनकी गाड़ी को टिपर से कई बार टक्कर मारी। इसके बाद पेट्रोल छिड़ककर वाहन में आग लगा दी गई।
बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद गाड़ी के दरवाजे जाम हो गए, जिससे अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल पाए। किसी तरह शीशा तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की गई, लेकिन इसी दौरान आरोपियों ने मारपीट भी की।
इस घटना में भरत सिंह गहरवार की जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही सरगुजा रेंज के आईजी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी के नाम शामिल हैं। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह विवाद रेत उत्खनन को लेकर बताया जा रहा है। बताया यह भी जा रहा है कि मृतक और आरोपी पक्ष के बीच पहले भी झड़प हो चुकी थी, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी।







