दुर्ग। करीब तीन महीने पहले दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया था। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरी अफीम की फसल को उखाड़कर जब्त कर लिया था।
अब पुलिस ने जब्त की गई अफीम और उससे जुड़े अन्य मादक पदार्थों को भिलाई स्टील प्लांट में नष्ट कर दिया है। जानकारी के मुताबिक नष्ट किए गए मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत करीब 7.88 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
दुर्ग पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान 14 लाख से अधिक अफीम के पौधे बरामद किए गए थे, जिनका कुल वजन लगभग 62 हजार किलोग्राम था। इसके अलावा 62.54 किलोग्राम डोडा और 572 ग्राम अफीम भी जब्त की गई थी। पुलिस ने सभी जब्त सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के तहत भिलाई स्टील प्लांट में जलाकर नष्ट कर दिया।





