भारतमाला मार्ग पर टेरर टैक्स का खेल? मृत मवेशियों को सड़क पर रखकर वाहन चालकों से वसूली

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे उरगा-बिलासपुर मार्ग पर असामाजिक तत्वों की दबंगई थमने का नाम नहीं ले रही है। भले ही इस मार्ग पर अभी एनएचएआई का टोल शुरू नहीं हुआ है, लेकिन यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को कथित तौर पर “टेरर टैक्स” चुकाने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

रविवार को स्थिति तब और गंभीर हो गई जब कुछ लोगों ने मृत मवेशियों को सड़क पर रखकर आने-जाने वाले वाहन चालकों से मनमानी वसूली शुरू कर दी। रायपुर जा रही एमपी नगर की पूर्व पार्षद आशा जायसवाल की पुत्री भी इस घटना की प्रत्यक्षदर्शी बनीं। उन्होंने रास्ते में हो रही इस अवैध वसूली और दबंगई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया।

वीडियो में उन्होंने मार्ग पर यात्रियों के साथ हो रही परेशानियों का जिक्र करते हुए पुलिस और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कभी भी कोई बड़ी और अप्रिय घटना हो सकती है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी मार्ग पर वाहन चालकों से अवैध वसूली के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो चुकी हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सड़क सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था और प्रशासनिक कार्रवाई पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment