कवर्धा जिले में 1 जून को अध्यक्ष पद और ग्राम पंचायत पद के लिए मतदान होना है। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने शराब दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गोपाल वर्मा ने निर्देश दिए हैं कि मतदान क्षेत्र की सीमा से 2 किलोमीटर के दायरे में आने वाली खड़मा स्थित विदेशी कम्पोजिट मदिरा दुकान को मतदान समाप्ति से 48 घंटे पहले ही बंद रखा जाएगा। इस अवधि को शुष्क दिवस घोषित किया गया है।
प्रशासन ने साफ कहा है कि आदेश का पालन न करने वालों पर नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल हों और अपने मताधिकार का उपयोग करें।
जानकारी के अनुसार, मतदान के दिन अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। इस दौरान अवकाश भी घोषित किया गया है, जिससे सरकारी दफ्तरों, स्कूलों और अन्य संस्थानों में कामकाज प्रभावित रहेगा, लेकिन कर्मचारियों और मतदाताओं को वोट डालने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।







