भ्रष्टाचार का गढ़: पत्रकारिता विश्वविद्यालय में अब और नहीं सहेंगे

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं और छात्र समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मोर्चा खोल दिया है। परिषद ने 2 जून को विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करने की घोषणा की है।

ABVP का आरोप है कि विश्वविद्यालय में नियमों और पारदर्शिता की अनदेखी करते हुए सुप्रीम कोर्ट द्वारा बर्खास्त किए जा चुके एक पूर्व प्रोफेसर को पिछले दरवाजे से दोबारा प्रवेश दिलाने की कोशिश की जा रही है। परिषद ने इसे शिक्षा व्यवस्था और न्यायिक प्रक्रिया का खुला उल्लंघन बताया है।

इसके साथ ही लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से बने नए ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य में भी गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की आशंका जताई गई है। परिषद का कहना है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि करोड़ों रुपये के उपयोग की सच्चाई सामने आ सके।

छात्रों की मूलभूत समस्याओं को लेकर भी परिषद ने प्रशासन पर निशाना साधा है। आरोप है कि हाल ही में परीक्षाओं के दौरान लगातार दो-दो दिनों तक बिजली बाधित रही, जिससे विद्यार्थियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। वहीं करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किया गया अत्याधुनिक मीडिया स्टूडियो पिछले एक वर्ष से बंद पड़ा है, जिससे छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा।

ABVP ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय के छात्रावासों की स्थिति बेहद खराब है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान देने के बजाय उदासीन बना हुआ है। परिषद का कहना है कि जब तक छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा और कथित अनियमितताओं की जांच नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

2 जून को होने वाला यह प्रदर्शन विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। छात्र संगठन ने सभी विद्यार्थियों से आंदोलन में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment