नवा रायपुर स्थित नंदनवन जू और जंगल सफारी घूमना अब पहले से महंगा पड़ सकता है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने प्रवेश शुल्क से लेकर सफारी राइड, जिप्सी बुकिंग और फोटोग्राफी तक की नई दरें प्रस्तावित की हैं। इन नई दरों के लागू होने के बाद ज्यादातर सेवाओं के टिकट में अच्छी-खासी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
नई प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार 6 से 12 साल तक के बच्चों का टिकट 25 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया गया है। वहीं 12 साल से अधिक उम्र के लोगों को अब 100 रुपये देने होंगे, जो पहले 50 रुपये था। विदेशी पर्यटकों के लिए प्रवेश शुल्क 200 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये प्रस्तावित किया गया है। हालांकि दिव्यांगजन और 60 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को पहचान पत्र दिखाने पर मुफ्त प्रवेश की सुविधा जारी रहेगी, लेकिन यह छूट सप्ताहांत और अवकाश के दिनों में लागू नहीं होगी।
सफारी राइड के दाम भी बढ़ाए गए हैं। बच्चों के लिए बस सफारी का किराया 100, 150 और 175 रुपये तय किया गया है। वहीं वयस्कों को सामान्य बस के लिए 150 रुपये, एसी बस के लिए 200 रुपये और इलेक्ट्रिक बस के लिए 250 रुपये चुकाने होंगे। विदेशी पर्यटकों के लिए यह शुल्क 750 रुपये से 1250 रुपये तक रहेगा।
जिप्सी सफारी भी अब महंगी हो जाएगी। प्रति व्यक्ति 700 रुपये और पूरी जिप्सी बुक करने पर 3500 रुपये देने होंगे। वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह दर 350 रुपये प्रति व्यक्ति और 2000 रुपये प्रति जिप्सी रखी गई है। विदेशी पर्यटकों को इसके लिए 1500 रुपये प्रति व्यक्ति और 7000 रुपये प्रति जिप्सी देना होगा।
फोटोग्राफी और वीडियो शूटिंग भी महंगी कर दी गई है। व्यावसायिक फोटोग्राफी के लिए अब 5000 रुपये प्रतिदिन और फिल्म या कमर्शियल शूटिंग के लिए 15,000 रुपये प्रतिदिन शुल्क देना होगा। इसके लिए पहले से अनुमति लेना जरूरी होगा।
हालांकि छात्रों के लिए राहत भी दी गई है। सरकारी स्कूलों के कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों का प्रवेश मुफ्त रहेगा। कक्षा 9 से 12 तक के सरकारी छात्रों को 50 प्रतिशत छूट और निजी स्कूल के छात्रों को 20 प्रतिशत छूट दी जाएगी।




