मध्यप्रदेश के देवास जिले में मक्सी रोड स्थित टोंककला गांव की एक फटाखा फैक्टरी में हुए भीषण धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बारूद कंपनी में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद फैक्टरी परिसर में धुआं और आग का गुबार उठने लगा, जिससे आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में चार लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। विस्फोट इतना तेज था कि फैक्टरी के कुछ हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।
प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरा बनाकर सील कर दिया है। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन माना जा रहा है कि बारूद सामग्री में अचानक आग लगने से हादसा हुआ।



