भोपाल: मध्य प्रदेश में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) समुदायों पर बढ़ते अत्याचार के मामलों को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता Kamal Nath ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की 2024 रिपोर्ट का हवाला देते हुए राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
कमलनाथ ने कहा कि NCRB की हालिया रिपोर्ट बेहद चिंताजनक है। रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य प्रदेश आदिवासियों पर अत्याचार के मामलों में देश में पहले स्थान पर और दलितों पर अत्याचार के मामलों में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आदिवासियों और दलितों को न्याय दिलाने में पूरी तरह विफल रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2024 में मध्य प्रदेश में ST समुदाय के खिलाफ अत्याचार के 3,165 मामले दर्ज किए गए, जो देश में सबसे अधिक हैं। वहीं SC समुदाय के खिलाफ 7,765 मामले दर्ज हुए, जिससे राज्य देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया।
आंकड़ों के मुताबिक, ST समुदाय में 65 हत्याएं, 37 हत्या के प्रयास और 79 गंभीर हमलों के मामले सामने आए। वहीं SC समुदाय में 79 लोगों की हत्या, 114 हत्या के प्रयास और 581 गंभीर हमले दर्ज किए गए।
महिलाओं के खिलाफ अपराधों के आंकड़े भी चिंताजनक रहे। रिपोर्ट के अनुसार, 358 आदिवासी महिलाओं और 137 नाबालिग आदिवासी लड़कियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं दर्ज हुईं। वहीं 355 दलित महिलाओं और 171 नाबालिग दलित लड़कियों के साथ रेप के मामले सामने आए।
कमलनाथ ने कहा कि सरकारी आंकड़े खुद बता रहे हैं कि प्रदेश में दलित और आदिवासी समाज सुरक्षित नहीं है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कमजोर वर्गों को संरक्षण देने में सरकार नाकाम साबित हुई है।







