रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक मकान से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध सामग्री बरामद होने की सूचना सामने आई। मामला वार्ड नंबर-13 का बताया जा रहा है, जहां एक मकान के अंदर से रॉ मटेरियल, तार और अन्य संदिग्ध सामान मिलने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही रायपुर नॉर्थ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वॉड और साइबर टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस की टीम हर पहलू से जांच कर रही है कि आखिर यह सामग्री यहां कैसे पहुंची और इसका इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मकान से संदिग्ध सामान मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
एसीपी पूर्णिमा लाने ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मकान से संदिग्ध सामग्री बरामद हुई है। विशेषज्ञ टीम द्वारा सामान की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।



