छत्तीसगढ़ में खेल से पहले ही सिस्टम फेल, ट्राइबल गेम्स में आए खिलाड़ियों को नहीं मिल रही सुविधा

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर। देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी कर रहे छत्तीसगढ़ में उद्घाटन से ठीक पहले व्यवस्थाओं की हकीकत सामने आने लगी है। कागजों पर भले तैयारियां पूरी बताई जा रही हों, लेकिन जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बुधवार शाम से शुरू होने वाले इस बड़े आयोजन से पहले खिलाड़ियों के भोजन को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि जब खेल मंत्री अरुण साव निरीक्षण के लिए डोम में मौजूद थे, तब खिलाड़ियों को पनीर की सब्जी परोसी जा रही थी। लेकिन जैसे ही मंत्री वहां से निकले, मेन्यू बदल गया और पनीर की जगह आलू की सब्जी दी जाने लगी। कई खिलाड़ियों ने आधा-अधूरा खाना मिलने और रोटी के लिए लंबा इंतजार करने की बात भी कही।

हालांकि महाराष्ट्र से आए कुछ खिलाड़ियों ने सुविधाओं को संतोषजनक बताया, लेकिन उन्होंने भी माना कि भोजन पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल रहा है।

सिर्फ खाने की ही नहीं, आयोजन की व्यवस्थाओं में भी कमी साफ नजर आई। स्कूल शिक्षा विभाग से लगाए गए 50 से ज्यादा पीटीआई बिना किसी स्पष्ट ड्यूटी चार्ट के काम कर रहे हैं। स्थिति इतनी खराब रही कि कुछ कर्मचारियों को खुद भोजन तक नहीं मिला। वहीं डोम में खाना खाने के लिए भी पहले मैनेजर से अनुमति लेने की बात कही जा रही है। पीने के पानी की व्यवस्था में भी असमानता की शिकायतें सामने आई हैं।

मीडिया व्यवस्था भी अधूरी दिखी, क्योंकि आयोजन से एक दिन पहले तक कई पत्रकारों के एक्रेडेशन कार्ड तैयार नहीं हो पाए थे। इससे पूरे आयोजन में समन्वय की कमी उजागर हो गई।

वहीं दूसरी ओर, खेल मंत्री अरुण साव ने दावा किया है कि राज्य इस आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। उनके मुताबिक 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से खिलाड़ी और अधिकारी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। कुश्ती और मलखंब प्रतियोगिताएं अंबिकापुर में, जबकि एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं जगदलपुर में आयोजित की जाएंगी। अब तक 500 से अधिक खिलाड़ी रायपुर पहुंच चुके हैं और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

इस आयोजन में करीब 3 हजार से ज्यादा ट्राइबल खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हो रहे हैं। साथ ही, छत्तीसगढ़ के लगभग 180 स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। हालांकि, उद्घाटन से पहले सामने आई अव्यवस्थाओं ने आयोजन की तैयारियों पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment