शादी नहीं तो जान दे दूंगा’—टावर पर चढ़ा युवक, मचा हड़कंप

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी पसंद की लड़की से शादी कराने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़कर करीब 4 घंटे तक हंगामा किया। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, युवक लगातार युवती से शादी कराने की मांग करता रहा और चेतावनी दी कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई तो वह टावर से कूदकर जान दे देगा। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब पता चला कि संबंधित युवती पहले ही शादी से साफ इनकार कर चुकी है।

बताया जा रहा है कि युवती ने युवक के खिलाफ छेड़छाड़ और लगातार परेशान करने की शिकायत भी पुलिस में दर्ज कराई थी। इसके बावजूद युवक ने दबाव बनाने के लिए यह खतरनाक कदम उठाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। करीब 4 घंटे की मशक्कत और समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। गौर करने वाली बात यह है कि यह पूरा घटनाक्रम लुंड्रा थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर होता रहा।

टावर से नीचे उतारने के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस की अपील:

पुलिस ने साफ कहा है कि इस तरह का दबाव बनाना और कानून को हाथ में लेना गलत है। किसी भी विवाद या रिश्ते से जुड़े मामले में कानूनी और शांतिपूर्ण रास्ता ही अपनाना चाहिए।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment