KTUJM के छात्रों ने IBC24 में सीखी न्यूज़रूम की बारीकियां, “जनता कैफे” रिकॉर्डिंग का भी मिला अनुभव

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग के छात्रों के लिए शुक्रवार, 20 मार्च 2026 को एक बेहद उपयोगी शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को IBC24 समाचार चैनल के न्यूज़रूम का वास्तविक अनुभव लेने का मौका मिला।

यह विज़िट विभागाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र मोहन्ती के मार्गदर्शन में आयोजित हुई, जहां छात्रों ने मीडिया इंडस्ट्री की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा। न्यूज़रूम के अलग-अलग सेक्शन जैसे इनपुट-आउटपुट डेस्क, पीसीआर (प्रोडक्शन कंट्रोल रूम), तकनीकी टीम, विज्ञापन विभाग और प्रोग्राम प्रोडक्शन यूनिट का विस्तार से अवलोकन कराया गया।

इस दौरान छात्रों ने केवल देखा ही नहीं, बल्कि सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। सबसे खास पल तब रहा जब उन्हें चैनल के लोकप्रिय साप्ताहिक शो “जनता कैफे” की लाइव रिकॉर्डिंग देखने का मौका मिला। कुछ छात्रों ने इसमें भाग लेकर अपने विचार भी साझा किए, जिससे उनका आत्मविश्वास और भी बढ़ा।

वहीं, चैनल के एचआर विभाग ने छात्रों को इंटर्नशिप के अवसरों और मीडिया इंडस्ट्री में करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। इस शैक्षणिक भ्रमण के अंत में चैनल की ओर से जनसंचार विभाग को एक सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।

इस पूरे भ्रमण में डॉ. कपिल देव प्रजापति और डॉ. चैताली पाण्डेय के मार्गदर्शन में विभाग के सभी विद्यार्थी शामिल रहे। यह अनुभव छात्रों के लिए न केवल सीखने का अवसर बना, बल्कि उनके भविष्य के करियर के लिए भी एक मजबूत आधार साबित हुआ।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment