प्रयागराज:स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए अदालत में अर्जी देने वाले आशुतोष महाराज ब्रह्मचारी पर रविवार तड़के एक सनसनीखेज हमला हुआ। जानकारी के मुताबिक, रीवा एक्सप्रेस ट्रेन में सफर के दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि आशुतोष ब्रह्मचारी शनिवार रात गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से रीवा एक्सप्रेस में सवार होकर प्रयागराज जा रहे थे। रविवार सुबह करीब पांच बजे जब ट्रेन कौशाम्बी जिले के सिराथू रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तभी एसी कोच एच-1 में मौजूद कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर अचानक हमला कर दिया।
हमले के दौरान हमलावरों ने धारदार हथियार से वार किया, जिससे आशुतोष ब्रह्मचारी लहूलुहान हो गए। उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन के टॉयलेट में खुद को बंद कर लिया और वहीं छिपे रहे।
घटना के बाद घायल अवस्था में वे प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्हें तुरंत मेडिकल जांच और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हमले को बताया साजिश
आशुतोष ब्रह्मचारी ने इस हमले को एक साजिश करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इस घटना के पीछे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके सहयोगियों का हाथ हो सकता है।
उन्होंने प्रयागराज जीआरपी में लिखित शिकायत देकर मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
पुलिस कर रही जांच
प्रयागराज जीआरपी के डीएसपी अरुण कुमार पाठक के मुताबिक, पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।



