तेहरान में तेल डिपो पर अमेरिका-इस्राइल का बड़ा हमला, आसमान में धुएं की चादर

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। इस्राइल और अमेरिका ने मिलकर तेहरान में कई ईंधन भंडारण केंद्रों को निशाना बनाते हुए बड़ा हमला किया है। हमलों के बाद राजधानी के कई हिस्सों में आग की लपटें और घना धुआं दिखाई देने लगा, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया।

इस्राइली सेना ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि तेहरान में मौजूद कई फ्यूल स्टोरेज कॉम्प्लेक्स पर कार्रवाई की गई। सेना के मुताबिक इन ठिकानों का इस्तेमाल ईरानी सैन्य ढांचे को सपोर्ट करने के लिए किया जा रहा था।

दक्षिण तेहरान के तेल डिपो पर हमला

ईरानी सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण तेहरान में स्थित एक बड़े तेल भंडारण केंद्र को निशाना बनाया गया। समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार हमले में तेल डिपो को नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि पास में मौजूद मुख्य रिफाइनरी को गंभीर क्षति नहीं हुई।

बताया जा रहा है कि यह पहली बार है जब तेहरान के तेल ढांचे को इतने बड़े पैमाने पर निशाना बनाया गया है।

हमले के बाद शहर में धुआं और आग

हमले के तुरंत बाद तेहरान के कई इलाकों में आग की ऊंची लपटें उठती देखी गईं। आसमान में फैलते काले धुएं ने शहर को ढक लिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक जलते ईंधन की तेज गंध पूरे इलाके में महसूस की जा रही थी।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई जगहों पर रात के अंधेरे में भी आसमान लाल दिखाई दे रहा था। हालांकि अब तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

करज और अलबोर्ज में भी धमाकों की आवाज

तेहरान से सटे करज शहर और अलबोर्ज प्रांत में भी लोगों ने जोरदार धमाकों की आवाजें सुनीं। स्थानीय निवासियों के मुताबिक पहले आसमान में तेज लाल चमक दिखाई दी और कुछ ही देर बाद आग की लपटें फैलती नजर आईं।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि घरों की खिड़कियां तक हिल गईं। कई लोग अपने घरों की छतों पर जाकर यह देखने लगे कि आखिर हुआ क्या है।

ईंधन आपूर्ति जारी रहने का दावा

इस बीच ईरान की राष्ट्रीय तेल कंपनी ने कहा है कि तेहरान और अलबोर्ज क्षेत्र में कुछ ईंधन डिपो प्रभावित हुए हैं, लेकिन वैकल्पिक व्यवस्थाओं के जरिए ईंधन की आपूर्ति जारी रखी जा रही है।

स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार राजधानी के पश्चिमी इलाकों समेत करज के आसपास तीन अलग-अलग स्थानों पर फ्यूल डिपो को निशाना बनाया गया। राज्य टीवी ने यह भी बताया कि तेहरान के दक्षिण में स्थित एक रिफाइनरी में हमले के बाद आग लग गई।

इन हमलों के बाद पहले से ही तनावग्रस्त पश्चिम एशिया में हालात और ज्यादा गंभीर हो गए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment