पेट्रोल-डीजल 20% महंगा, पंपों पर भीड़; भारत में LPG सिलेंडर के दाम बढ़े

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अचानक हुई भारी बढ़ोतरी ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सरकार ने ईंधन के दामों में करीब 20 प्रतिशत तक इजाफा कर दिया है, जिसके बाद देशभर में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।

नई दरों के अनुसार पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 335.86 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर और डीजल 321.17 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गया है। कीमत बढ़ने की खबर फैलते ही लाहौर, कराची और इस्लामाबाद समेत कई बड़े शहरों में लोग पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे। हालात ऐसे रहे कि कई जगहों पर लोगों को घंटों लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ा।

लोगों को आशंका है कि आने वाले दिनों में तेल की कमी भी हो सकती है, इसलिए कई लोग अतिरिक्त ईंधन भरवाने के लिए पंपों पर पहुंच रहे हैं।

सरकार ने कीमतों में बढ़ोतरी की वजह मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में तेजी को बताया है। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक तेल बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है।

इस बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने चेतावनी दी है कि पेट्रोल या डीजल की जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने कहा है कि देश में फिलहाल ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और घबराने की जरूरत नहीं है।

उधर भारत में भी आम लोगों को महंगाई का झटका लगा है। केंद्र सरकार ने घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमत लागू होने के बाद दिल्ली में 14.2 किलो का घरेलू सिलेंडर अब 913 रुपए में मिलेगा।

इसके अलावा 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत भी 115 रुपए बढ़कर 1883 रुपए हो गई है, जिससे होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर असर पड़ने की आशंका है।

इसी दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भी तेज उछाल देखने को मिला है। शुक्रवार को WTI क्रूड ऑयल फ्यूचर्स करीब 12 प्रतिशत बढ़कर 90.90 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया।

हालांकि भारत के लिए फिलहाल राहत की बात यह है कि अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने भारतीय रिफाइनरियों को रूस से कच्चा तेल खरीदने के लिए 30 दिनों का विशेष लाइसेंस दिया है, जो 3 अप्रैल तक मान्य रहेगा। इससे भारत को तेल आपूर्ति बनाए रखने में कुछ राहत मिल सकती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment