अनिल अंबानी पर ED का शिकंजा: मुंबई-हैदराबाद समेत कई ठिकानों पर छापेमारी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

मुंबई में उद्योगपति अनिल अंबानी से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। शुक्रवार सुबह से ही एजेंसी की टीमें रिलायंस पावर और उससे जुड़े लोगों के कई स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं।

सूत्रों के अनुसार, ED की करीब 15 टीमें मुंबई और हैदराबाद समेत लगभग 10 से 12 जगहों पर एक साथ जांच कर रही हैं। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई रिलायंस कम्युनिकेशन (RCom) से जुड़े बैंक धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच का हिस्सा है।

इससे पहले 25 फरवरी को ED ने अंबानी की मुंबई के पाली हिल स्थित आलीशान संपत्ति ‘अबोड’ को अस्थायी रूप से कुर्क किया था। एजेंसी के मुताबिक इस प्रॉपर्टी की अनुमानित कीमत लगभग 3,716.83 करोड़ रुपये आंकी गई है।

जांच एजेंसी का कहना है कि RCom और उससे जुड़ी कंपनियों ने देश और विदेश के बैंकों से भारी भरकम कर्ज लिया था। इनमें से करीब 40,185 करोड़ रुपये का कर्ज अभी भी बकाया बताया जा रहा है और कई खाते NPA घोषित किए जा चुके हैं।

ED की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि पाली हिल स्थित इस संपत्ति को एक निजी पारिवारिक ट्रस्ट के नाम ट्रांसफर कर दिया गया था, जो अंबानी परिवार से जुड़ा बताया जाता है। एजेंसी को आशंका है कि ऐसा कदम संपत्ति को व्यक्तिगत देनदारियों और बैंक कर्ज के दायरे से बचाने के लिए उठाया गया हो सकता है।

फिलहाल ED की टीम इस मामले में वित्तीय दस्तावेजों और लेनदेन की बारीकी से जांच कर रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment