रायपुर।राजधानी रायपुर के हंडीपारा स्थित छत्तीसगढ़ी भवन में रविवार दोपहर एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें “छत्तीसगढ़ी महतारी अस्मिता रथ यात्रा” के आगामी चरण को लेकर रणनीति तय की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य निर्माण संग्राम सेनानी एवं रथ यात्रा के प्रभारी अनिल दुबे ने की।
बैठक में संगठन के कई वरिष्ठ सदस्य शामिल हुए और लंबी चर्चा के बाद कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी।
क्या रहे मुख्य निर्णय?
बैठक में तय किया गया कि तुमगांव, पाटन ब्लॉक, नवा रायपुर, कवर्धा, छुईखदान और बीरगांव क्षेत्र में सदस्य सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों के जरिए संगठन अपनी बात जन-जन तक पहुंचाएगा।
सम्मेलन की तारीख और संयोजकों के चयन को लेकर 7 मार्च को फिर से छत्तीसगढ़ी भवन में बैठक बुलाई गई है।
वहीं होली पर्व के बाद रथ यात्रा के दूसरे चरण को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया। यह यात्रा बीरगांव, धरसीवा, आरंग, खल्लारी, पिथौरा, बसना, सरायपाली, सारंगढ़ और रायगढ़ जिले की ओर प्रस्थान करेगी।
जनमत संग्रह भी होगा साथ-साथ
बैठक में यह भी तय किया गया कि रथ यात्रा के दौरान जनमत संग्रह कराया जाएगा। संगठन का कहना है कि जनसमर्थन के रूप में प्राप्त लाखों आवेदन मुख्यमंत्री को सौंपे जाएंगे।
रथ यात्रा के प्रभारी अनिल दुबे ने कहा कि जनभावनाओं को सरकार तक सीधे पहुंचाने के लिए यह पहल की जा रही है और जरूरत पड़ी तो आर-पार की लड़ाई भी लड़ी जाएगी।
बैठक की जानकारी सर्व छत्तीसगढ़ी किसान समाज के संयोजक जोगेश्वर प्रसाद ने साझा की।







