रायपुर। राजधानी में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 62 पुलिसकर्मियों के तबादले कर उन्हें अलग-अलग थानों और कार्यालयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
इस कदम को शहर में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था में कसावट लाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
रक्षित केंद्र से देवेंद्रनगर, गंज, मौदहापारा, गोल बाजार, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, उरला और पंडरी थानों में चार-चार आरक्षकों की तैनाती की गई है। इन पोस्टिंग्स में महिला आरक्षक भी शामिल हैं, जिससे थानों में महिला संबंधित मामलों के निपटारे में भी मजबूती आने की उम्मीद है।
इसके अलावा कमल विहार चौकी और एक्सप्रेस-वे तिराहा पुलिस चौकी में भी रक्षित केंद्र से एक-एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई), एक-एक प्रधान आरक्षक तथा चार-चार आरक्षकों को पदस्थ किया गया है।
सिर्फ थानों तक ही नहीं, बल्कि नवगठित पुलिस उपायुक्त कार्यालयों में भी स्टाफ की नियुक्ति की गई है, ताकि प्रशासनिक कामकाज निर्बाध रूप से संचालित हो सके। उत्तर, मध्य, पश्चिम, साइबर और क्राइम शाखा सहित अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस उपायुक्त कार्यालयों में भी आवश्यक स्टाफ की पोस्टिंग की गई है।
पुलिस विभाग का मानना है कि इस प्रशासनिक सर्जरी से पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ेगी और शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति और मजबूत होगी।
देखे लिस्ट










