ब्रेकिंग: सूरजपुर में कांग्रेस में बड़ा सियासी भूचाल, 17 पदाधिकारियों का सामूहिक इस्तीफा, गुटबाजी खुलकर आई सामने

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। प्रदेश में अंदरूनी खींचतान की चर्चाओं के बीच सूरजपुर जिला कांग्रेस में बड़े पैमाने पर इस्तीफों की झड़ी लग गई है। जिला संगठन के 17 पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से अपने पद छोड़ दिए हैं, जिससे पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है।

इस्तीफा देने वालों में जिला संयुक्त महामंत्री, महामंत्री, सचिव समेत कई सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हैं। इन सभी के त्यागपत्र का पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को और तेज कर दिया है।

 गुटीय राजनीति का आरोप

जानकारी के मुताबिक इस्तीफा देने वाले अधिकतर पदाधिकारी पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस. सिंहदेव के समर्थक माने जा रहे हैं। उनका आरोप है कि पार्टी संगठन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थकों को ज्यादा तरजीह दी जा रही है, जबकि अन्य कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हो रही है।

इस्तीफा देने वाले नेताओं का कहना है कि लंबे समय से संगठन के भीतर उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा था और निर्णय प्रक्रिया में उन्हें दरकिनार किया जा रहा था।

 पूर्व सांसद परिवार से भी इस्तीफा

इस पूरे घटनाक्रम में एक और बड़ा नाम जुड़ गया है। पूर्व सांसद खेल साय सिंह की बहू ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस कदम से राजनीतिक हलकों में हलचल और बढ़ गई है। माना जा रहा है कि यह मामला केवल जिला स्तर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका असर प्रदेश संगठन तक जा सकता है।

 इस्तीफों की संख्या बढ़ी

सूत्रों के अनुसार अब तक 30 से अधिक पदाधिकारियों के इस्तीफा देने की खबर सामने आ चुकी है। हालांकि जिला कांग्रेस नेतृत्व की ओर से इस पर अभी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावी रणनीति से पहले पार्टी के भीतर चल रही यह खींचतान संगठनात्मक मजबूती के लिए चुनौती बन सकती है।

देखें सभी इस्तीफा पत्र

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment