नई दिल्ली।लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान को लेकर संसद में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ सांसदों ने आसन की ओर फटे हुए कागज़ के टुकड़े उछाल दिए। शोर-शराबे के बीच स्पीकर को लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर कल सुबह 11 बजे तक के लिए रोकनी पड़ी।
दरअसल, राहुल गांधी लोकसभा में पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की एक अप्रकाशित किताब से जुड़े संदर्भ पर बोल रहे थे। इसी दौरान आसन ने उन्हें बोलने से रोकते हुए अन्य सांसदों को बोलने का अवसर दे दिया। इस फैसले के विरोध में विपक्षी सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके चलते सदन की कार्यवाही कई बार बाधित हुई।
हंगामे के दौरान कुछ सांसदों द्वारा स्पीकर की कुर्सी की ओर कागज़ फेंके जाने की घटना सामने आई। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए स्पीकर ने कड़ा कदम उठाया।
8 सांसद पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित
स्पीकर ने इस मामले में कांग्रेस सांसद चमाला किरण रेड्डी, वेंकट रमणन, गुरजीत सिंह औजला, मणिकम टैगोर, राजा वडिंग, हिबी ईडन, प्रशांत पडोले और डीन कुरियाकोस को पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया।
निलंबन की घोषणा के बाद भी कुछ सांसदों ने दोबारा आसन की ओर कागज़ उछाल दिए, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
रिजिजू का राहुल गांधी पर पलटवार
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक अप्रकाशित किताब से जुड़े मैगज़ीन आर्टिकल का हवाला देकर सदन की कार्यवाही को बाधित कर रहे हैं।
रिजिजू ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों को इस तरह उठाना नियमों के खिलाफ है।
जब आसन पर बैठे कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने राहुल गांधी को बोलने का अवसर दिया, तो उन्होंने चीन और पाकिस्तान से जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे का हवाला दिया। इस पर किरेन रिजिजू ने आपत्ति जताते हुए कहा कि सदन इस विषय पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन तय मर्यादाओं का पालन जरूरी है।







