बालोद।दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए आज 4 जनवरी को बालोद जिले में जिला स्तरीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिलेभर से बड़ी संख्या में दिव्यांग खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करना और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना रहा।
जिला पैरा एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलेश निषाद ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन बालोद नगर के गंजपारा स्थित स्वर्गीय सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में सुबह 9 बजे से किया गया, जहां सुबह से ही खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।
संगठन के सचिव दुष्यंत कुमार ने जानकारी दी कि इस पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं भाजपा नेता अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ पैरा एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव डीकेश टंडन की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
संगठन के संरक्षक हरिराम कोर्राम ने बताया कि प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 800 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप, हाई जंप, तवा फेंक, गोला फेंक सहित अन्य खेल आयोजित किए गए। प्रतियोगिता को सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में विभाजित किया गया था, जिसमें 8 वर्ष से लेकर 21 वर्ष से अधिक आयु के दिव्यांग खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
अध्यक्ष कमलेश निषाद ने कहा कि बालोद जिले में कई ऐसे दिव्यांग खिलाड़ी हैं जिनमें खेल की प्रतिभा होने के बावजूद उन्हें आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिल पाता। इस आयोजन के माध्यम से दिव्यांगों की छिपी हुई प्रतिभा को सामने लाने और उन्हें प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया है।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कोई प्रवेश शुल्क नहीं रखा गया था और दिव्यांग प्रमाण पत्र के आधार पर खिलाड़ियों ने निःशुल्क भागीदारी की।







