सक्ती थाना क्षेत्र में हाल ही में घटित एक सनसनीखेज डकैती प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी टेकचंद जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई का नेतृत्व सक्ती थाना प्रभारी अनवर अली ने किया, जो कि पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा एवं एसडीओपी मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में संचालित हुआ। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
यह मामला 25 जून 2025 को सामने आया था जब सक्ती निवासी अमनक जोशी, अग्रवाल, राजेश शर्मा तथा अन्य युवकों ने पीला महल (राज महल) में जबरन घुसकर डकैती को अंजाम दिया। आरोप है कि इन लोगों ने डकैती की नीयत से महल में तोड़फोड़ की, पीड़िता को महल से बाहर निकाल कर अंदर से ताला बंद कर दिया और हथियारबंद होकर लूटपाट शुरू कर दी। अपराधियों ने महल के अंदर पीड़िता के कमरे के दरवाजे तोड़े, कैश और जेवरात लूटे, और अनाधिकृत रूप से पूरे महल में घुसपैठ की।
इतना ही नहीं, महल में मौजूद अन्य कर्मचारियों पर भी लाठी, डंडा, हथियार और टांगी से जानलेवा हमला किया गया। इस घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे और पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। एसपी अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देशन में चल रही तफ्तीश में मुखबिर की सूचना पर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी।
मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी टेकचंद जायसवाल अपने घर पर मौजूद है। तत्परता दिखाते हुए सक्ती थाना की टीम ने घेराबंदी कर टेकचंद को हिरासत में लिया और आवश्यक पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनके छिपने के ठिकानों का पता लगाया जा रहा है।







