रायपुर।राजधानी रायपुर से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। प्रोफेसर कॉलोनी इलाके में सोलर पैनल लगाने के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25) और आशीष चंद्राकर (19) के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
मिली जानकारी के अनुसार, पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुकरीपारा स्थित सर्वोदय स्कूल के पास सोलर पैनल लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान पैनल अचानक 11 केवी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसमें तेज करंट दौड़ गया।
करंट इतना तेज था कि दोनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूरा हादसा कुछ ही सेकेंड में हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि काम के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं, और जरूरी सावधानियां बरती गई थीं या नहीं।
इस हादसे ने एक बार फिर हाईटेंशन बिजली लाइनों के पास काम करते समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





