भारतीय जनता पार्टी को जल्द ही नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है। पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की प्रबल संभावना है। यह जानकारी समाचार एजेंसी ANI ने पार्टी सूत्रों के हवाले से दी है। सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया 18 जनवरी से शुरू होकर 20 जनवरी तक पूरी हो सकती है और इसी दिन औपचारिक घोषणा भी की जाएगी।
यदि नितिन नबीन को यह जिम्मेदारी सौंपी जाती है, तो वे भाजपा के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। उनका कार्यकाल जनवरी 2029 तक प्रस्तावित है, हालांकि 2029 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए इसे आगे बढ़ाए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया देश के 37 में से 29 राज्यों में पूरी हो चुकी है। इन राज्यों के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नितिन नबीन के समर्थन में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन का एक सेट दाखिल करेंगे। इसके अलावा, भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य भी उनके पक्ष में अलग से नामांकन प्रस्तुत करेंगे।
सूत्रों ने यह भी बताया कि नितिन नबीन के समर्थन में दाखिल होने वाले नामांकन पत्रों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हस्ताक्षर होने की संभावना है। माना जा रहा है कि नितिन नबीन ही इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार होंगे। ऐसे में भाजपा के मुख्य चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण नामांकन पत्रों की जांच के बाद उन्हें निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर सकते हैं।
पार्टी ने इस अहम मौके पर भाजपा शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्रियों और प्रदेश अध्यक्षों को दिल्ली में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। पार्टी नेतृत्व देशभर के प्रदेश अध्यक्षों को 15 जनवरी के बाद राजधानी बुलाने की तैयारी में भी जुटा है।
गौरतलब है कि नितिन नबीन को 14 दिसंबर को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। 45 वर्षीय नितिन नबीन वर्ष 2010 से बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं और संगठन में एक सक्रिय व प्रभावशाली नेता के रूप में पहचाने जाते हैं।
भाजपा ने वर्ष 2020 में जेपी नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया था। उनका कार्यकाल 2024 में समाप्त हो गया था, जिसके बाद वे विस्तार पर इस पद की जिम्मेदारी निभा रहे थे।







