रायपुर। नए साल के जश्न को देखते हुए आबकारी विभाग राजधानी में कड़ी निगरानी कर रहा है। शहर के बार, पब और नाइट क्लबों की लगातार जांच की जा रही है। टीम लाइसेंस, शराब का स्टॉक और देर रात तक चलने वाली गतिविधियों पर नजर रख रही है।
थर्टी फर्स्ट और न्यू ईयर से पहले सभी टीमों को एक्शन मोड पर रखा गया है। शहर के कई इलाकों में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है, ताकि किसी भी तरह का नियम उल्लंघन तुरंत पकड़ा जा सके। देर रात तक खुले रहने वाले प्रतिष्ठानों पर विशेष कार्रवाई की तैयारी है।
एक्साइज सुपरिंटेंडेंट देवाशीष पटेल ने बताया कि होटल, बार और रेस्टोरेंट में अचानक जांच के लिए टीमें भेजी जा रही हैं। बिना लाइसेंस शराब बेचने या अवैध स्टॉक रखने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग नकली शराब, अवैध शराब, ब्राउन शुगर, कोकीन, कफ सिरप और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी व बिक्री पर भी खास नजर रख रहा है। विभाग की टीम लगातार फील्ड में रहकर न्यू ईयर से पहले शहर की सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है।



