रायपुर के अमलीडीह पुलिस कॉलोनी इलाके में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने एक खाली मैदान में पेड़ से लटके हुए एक व्यक्ति को देखा। तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई। टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पूरे क्षेत्र की जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि मृतक राजेंद्र नगर थाना में पदस्थ कांस्टेबल लक्ष्मीप्रसाद गबेल थे, जो लंबे समय से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे थे। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें कांस्टेबल ने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया और इसे अपना निजी निर्णय बताया। अब नोट की लिखावट और सत्यता की जांच की जा रही है।
लंबे समय से परेशान था कांस्टेबल
प्राथमिक जांच में सामने आया कि लक्ष्मीप्रसाद पिछले 17 महीनों से पुलिस लाइन से गैरहाजिर थे। इस दौरान वे शराब की लत से जूझ रहे थे और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी लंबित थी।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने पंचनामा पूरा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक के मोबाइल, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह स्पष्ट होगी।







