BREAKING: 7 साल से नियुक्ति का इंतजार, CAF भर्ती 2018 वेटिंग अभ्यर्थी सड़क पर

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

CAF भर्ती वर्ष 2018 के वेटिंग सूची में शामिल 417 अभ्यर्थियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। बीते सात वर्षों से नियुक्ति आदेश न मिलने से आक्रोशित अभ्यर्थी 22 दिसंबर 2025 से राजधानी रायपुर के तूता क्षेत्र में अपने परिजनों के साथ अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरने पर बैठे हुए हैं।

धरनारत अभ्यर्थियों ने जिला कलेक्टर रायपुर को ज्ञापन सौंपकर पुलिस मुख्यालय (PHQ), नया रायपुर तक पैदल रैली एवं घेराव कर ज्ञापन देने की अनुमति मांगी है। प्रस्तावित रैली 26 दिसंबर 2025 को निकाली जानी है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि CAF भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2018 में पूरी हो चुकी थी और आज भी विभाग में वास्तविक रिक्त पद उपलब्ध हैं, इसके बावजूद वेटिंग सूची के उम्मीदवारों को नियुक्ति से वंचित रखा गया है। सात वर्षों से लगातार शासन-प्रशासन के विभिन्न स्तरों पर गुहार लगाने के बाद भी कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

धरनास्थल पर बैठे अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया है कि अब वे किसी भी प्रकार के मौखिक आश्वासन को स्वीकार नहीं करेंगे और केवल लिखित नियुक्ति आदेश मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। उनका आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक, संवैधानिक, गैर-राजनीतिक और शांतिपूर्ण है।

अभ्यर्थियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि प्रस्तावित पैदल रैली के दौरान कानून-व्यवस्था भंग नहीं होगी और सभी प्रतिभागी प्रशासनिक निर्देशों का पालन करेंगे। आंदोलन का उद्देश्य केवल अपनी वैध मांगों को सक्षम प्राधिकारी तक पहुंचाना है।

इस आंदोलन का प्रतिनिधित्व जितेश्वर कुमार (निवासी – ग्राम पसौद, जिला बालोद) कर रहे हैं, जिनके साथ किरण कुमार, वैभव प्रसाद, योगेश कुमार, छत्तनकान्त, कृष्णानंद और जितेंद्र दास शामिल हैं।

अब देखना यह होगा कि शासन और प्रशासन इस लंबे समय से लंबित भर्ती मामले पर क्या रुख अपनाता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment