“IIT भिलाई में प्रथम सेमेस्टर के छात्र की रहस्यमयी मौत: परिजनों ने उठाए सवाल, संस्थान बोला- सामान्य मृत्यु”

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित आईआईटी में मंगलवार को एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने परिसर में सनसनी फैला दी। मृतक छात्र की पहचान मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम निवासी सॉमिल साहू (18) के रूप में हुई है। वह बीटेक फर्स्ट सेमेस्टर का छात्र था और हाल ही में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग शाखा में दाखिला लिया था।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। साथी छात्रों ने तत्काल उसे सुपेला स्थित स्पर्श अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी में मिर्गी का दौरा पड़ने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

सॉमिल के पिता वीरेंद्र साहू सिक्योरिटी पेपर मिल (एसपीएम), नर्मदापुरम में कर्मचारी हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवारजन तत्काल भिलाई पहुंचे। शव का पोस्टमार्टम सुपेला अस्पताल में किया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल, मौत के कारण का खुलासा पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

सॉमिल कुछ दिन पहले ही दीपावली की छुट्टियों में घर गया था। पिता ने बताया कि वह पूरी तरह स्वस्थ था और उसे किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं थी। घर लौटने के बाद सोमवार को उसे हल्का बुखार आया था, जिसके बाद परिवार ने उसे देखने के लिए भिलाई में रह रहे रिश्तेदार को भेजा था। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया।

आईआईटी भिलाई प्रबंधन ने छात्र की मौत पर गहरा शोक जताया है और इसे ‘सामान्य मृत्यु’ बताया है। संस्थान ने किसी भी तरह के विवाद, हादसे या आत्महत्या जैसी संभावना से साफ इंकार किया है। सोमवार को ही संस्थान में दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया था।

वहीं, जेवरा-सिरसा चौकी प्रभारी ने बताया कि अब तक परिजनों की ओर से किसी भी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह घटना न सिर्फ संस्थान, बल्कि छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता का विषय बन गई है। परिजन वास्तविक कारणों की गहन जांच की मांग कर रहे हैं ताकि सॉमिल की मौत का सच सामने आ सके।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment