तेज हवा और बारिश के बीच बृजभूषण सिंह के हेलीकॉप्टर की खेत में इमरजेंसी लैंडिंग, पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आयोजित जनसभा के दौरान गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद और एनडीए गठबंधन के समर्थक नेता बृजभूषण शरण सिंह का हेलीकॉप्टर अचानक खराब मौसम की वजह से हवा में डगमगाने लगा, जिसके बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे भोजपुर जिले के एक धान के खेत में सुरक्षित उतार लिया।

जानकारी के अनुसार, बृजभूषण सिंह भोजपुर जिले के छोटकी सासाराम गांव में जेडीयू प्रत्याशी राधा चरण साह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। जनसभा खत्म होने के बाद वे रोहतास के दिनारा विधानसभा क्षेत्र में दूसरी सभा के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुए। उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद मौसम अचानक बिगड़ गया। तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई और दृश्यता बेहद कम हो जाने के कारण हेलीकॉप्टर का संतुलन बिगड़ने लगा।

स्थिति को संभालते हुए पायलट ने सूझबूझ दिखाई और पास के खेत में इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। यह घटना छोटकी सासाराम और सरफाबाद गांव के बीच की बताई जा रही है। हेलीकॉप्टर उतरते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि जल्द ही स्थिति सामान्य हो गई।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस को सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। बृजभूषण शरण सिंह को सुरक्षित रूप से गाड़ी से निकटवर्ती स्थान पर पहुंचाया गया। प्रशासन ने घटना स्थल की घेराबंदी करते हुए जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारिश इतनी तेज थी कि हेलीकॉप्टर कुछ देर तक खेत में ही खड़ा रहा। बाद में मौसम सामान्य होने पर तकनीकी टीम ने हेलीकॉप्टर की जांच की। स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि पायलट की समझदारी और त्वरित निर्णय के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

फिलहाल सभी लोग सुरक्षित हैं और प्रशासन ने घटना स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए हैं। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि संकट के क्षणों में पायलट की त्वरित प्रतिक्रिया कितनी महत्वपूर्ण होती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment