जंगलराज या विकास का बिहार? अमित शाह का सवाल — कहा, नीतीश-मोदी की सरकार ने किया विकास, लालू राज में हुआ विनाश

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के पटना जिले के पालीगंज विधानसभा में एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जनता से सवाल किया — “आपको लालू का जंगलराज चाहिए या नीतीश-मोदी का विकासशील बिहार?”

शाह ने कहा कि पिछले दो दशकों में नीतीश कुमार की सरकार ने बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ाया, जबकि लालू परिवार के शासन में बिहार का पतन हुआ था।

सभा में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित एनडीए के तमाम नेता मौजूद थे। बारिश के बावजूद मैदान में भारी भीड़ देखकर अमित शाह ने कहा कि “पालीगंज के लोगों का जोश इस बात का संकेत है कि बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनने जा रही है।”

उन्होंने कहा कि यह चुनाव जंगलराज को रोकने और विकास को बनाए रखने वाला चुनाव है। शाह ने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचा है —
125 यूनिट तक मुफ्त बिजली, महिलाओं को जीविका समूहों के माध्यम से ₹10,000 की सहायता और वृद्धावस्था पेंशन ₹400 से बढ़ाकर ₹1,100 तक कर दी गई है।

पालीगंज विधानसभा सीट से 2020 में भाकपा (माले) के संदीप सौरभ ने जीत दर्ज की थी। इस बार एनडीए की ओर से लोजपा (रामविलास) के सुनील कुमार यादव मैदान में हैं, जबकि मनेर सीट से जितेंद्र कुमार यादव उम्मीदवार हैं।
अब देखना यह है कि पालीगंज की लड़ाई में किसके सिर जीत का ताज सजेगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment