छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा ने रजत जयंती वर्ष के अवसर पर 26वां राज्योत्सव मनाने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस राज्योत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए तीन सत्रों में आयोजन किया जाएगा। आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप देने हेतु 26 अक्टूबर 2025 को छत्तीसगढ़ी भवन, हांडीपारा रायपुर में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष दाऊ जी. पी. चंद्राकर ने की और रजत जयंती राज्योत्सव प्रभारी अनिल दुबे ने पूरे कार्यक्रम का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया।
पहले सत्र में दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे तक कार्यकर्ता सम्मेलन साहू समाज भवन, टीकरापारा में आयोजित होगा। दूसरे सत्र में सैकड़ों लोक कलाकारों की भव्य सांस्कृतिक रैली साहू समाज भवन से प्रारंभ होकर सिद्धार्थ चौक, कालीबाड़ी चौक, बिजली ऑफिस, स्प्रे शाला, श्याम टॉकीज, बुद्धेश्वर मंदिर चौक, पुरानी बस्ती, कंकालिन पारा से होते हुए छत्तीसगढ़ी भवन हांडीपारा तक पहुंचेगी। इस यात्रा में लोक नृत्य और पारंपरिक कला का शानदार प्रदर्शन किया जाएगा।
तीसरा सत्र रात्रि 8:00 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें संस्कृतिक जलसा का उद्घाटन रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मिलन चौबे के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध सांस्कृतिक मंडली “दूध मोगरा” द्वारा रंगारंग झमाझम कार्यक्रम का आयोजन रात 9:00 बजे से 1:00 बजे तक होगा। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके साथ ही 1 नवंबर 2025 को छत्तीसगढ़ी भवन के मुख्य द्वार पर छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस अवसर पर प्रमुख राज्य आंदोलनकारी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजन समिति में अनिल दुबे, दाऊ जी. पी. चंद्राकर, जागेश्वर प्रसाद, दीनदयाल वर्मा, लालाराम वर्मा, वेगेंद्र सोनवेर सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।
यह राज्योत्सव न केवल सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने का अवसर है, बल्कि राज्य आंदोलनकारियों के योगदान को याद कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक महत्वपूर्ण क्षण भी होगा।







