भाजपा प्रत्याशी जीवेश मिश्रा का बड़ा बयान: कहा- कांग्रेस का उम्मीदवार जाले में बाहरी, महागठबंधन बना लठबंधन

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

दरभंगा जिले की जाले विधानसभा सीट पर चुनावी मुकाबला चरम पर है। भाजपा प्रत्याशी और मंत्री जीवेश मिश्रा तथा कांग्रेस के ऋषि मिश्रा के बीच कांटे की टक्कर देखी जा रही है। इस बीच भाजपा के मंत्री जीवेश मिश्रा का एक विवादित बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार पर तीखा हमला बोला है।

भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस को बताया ‘बाहरी’
चुनावी सभा में संबोधन के दौरान जीवेश मिश्रा ने कांग्रेस प्रत्याशी ऋषि मिश्रा को जाले का बाहरी उम्मीदवार बताते हुए कहा कि “वे सहरसा जिले के बलुआ से आकर यहां कब्जा करना चाहते हैं।”
उन्होंने कहा कि “हमारी पार्टी में नियम है कि चुनाव प्रभारी किसी अन्य विधानसभा का व्यक्ति हो सकता है, लेकिन प्रत्याशी वही होगा जो अपने क्षेत्र से चुनाव लड़े। आप बाहर से आकर यहां ब्राह्मण समाज के वोटों पर दावा कर रहे हैं, यह जनता तय करेगी।”

महागठबंधन पर भी साधा निशाना
भाजपा मंत्री ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, “महागठबंधन अब ‘लठबंधन’ बन चुका है। ये लोग एक-दूसरे से ही लड़ रहे हैं। दरभंगा के गौराबौराम सीट पर राजद और वीआईपी दोनों ने अपने-अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। ऐसे में अगर जाले में भी दो प्रत्याशी खड़े कर देते तो मजा आ जाता।”

उन्होंने कहा, “जाले विधानसभा की किसी मां ने ऐसा बेटा नहीं जना जो कांग्रेस के सिंबल पर चुनाव लड़ सके। बाहर से आए लोग यहां की जनता को गुमराह नहीं कर पाएंगे।”

चुनावी गर्मी तेज
जीवेश मिश्रा के इस बयान से जाले विधानसभा में चुनावी माहौल और गर्म हो गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों दल अब मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुट गए हैं। इस सीट पर ब्राह्मण वोटरों के साथ ग्रामीण मतदाता भी निर्णायक भूमिका निभाने वाले हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment