रायपुर: दीपावली का त्योहार खुशियों, रोशनी और उल्लास से भरा होता है, लेकिन जरा सी लापरवाही इस पर्व को हादसे में बदल सकती है। पटाखों और लाइटिंग से होने वाली आग या जलने की घटनाओं को रोकने के लिए राजधानी रायपुर में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
आंबेडकर अस्पताल में खास व्यवस्था
डॉ. बी.आर. आंबेडकर अस्पताल की ओपीडी मंगलवार को छुट्टी के दिन भी सुबह 10 से 12 बजे तक खुली रहेगी। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार मनाते वक्त सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी अस्पताल या हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
बर्न यूनिट और इमरजेंसी वार्ड तैयार
शहर के प्रमुख अस्पतालों — डॉ. आंबेडकर, डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी, रामकृष्ण केयर, बालाजी और श्रीनारायणा हॉस्पिटल — में बर्न और ट्रॉमा यूनिट को पूरी तरह तैयार रखा गया है। तीनों शिफ्टों में डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है —
112 (आपातकालीन सेवा), 108 (एम्बुलेंस), 100 (पुलिस), 101 (फायर ब्रिगेड), 1091 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन)।
निजी अस्पतालों में भी तैयारी पूरी
राजधानी के निजी अस्पतालों — इट्सा, बालाजी, रामकृष्ण केयर और श्रीनारायणा — में विशेष मेडिकल टीम गठित की गई हैं। बर्न, ट्रॉमा और आर्थोपेडिक विभागों को चौबीसों घंटे अलर्ट पर रखा गया है। एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार केंद्रों को भी सक्रिय मोड में रखा गया है।
जलने पर क्या करें, क्या न करें
डॉ. दक्षेस शाह ने बताया कि जलने की स्थिति में लोग घरेलू नुस्खे अपनाते हैं, जो संक्रमण को बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा, “जले हुए हिस्से पर तुरंत ठंडा पानी डालें, कोई तेल या मरहम न लगाएं और सीधे नजदीकी अस्पताल पहुंचें।”
फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन अलर्ट पर
गंज, सिविल लाइन, डीडी नगर और कोतवाली इलाकों में फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात रहेंगी। वहीं, एसडीआरएफ और बिजली विभाग को भी फॉल्ट रिपेयरिंग और शॉर्ट सर्किट की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस विभाग ने शहर में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। खासकर पटाखा बाजार, भीड़भाड़ वाले इलाकों और अस्पतालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
जनता के लिए जरूरी सावधानियां
सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी ने लोगों से अपील की, “बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें, हमेशा खुले स्थानों में आतिशबाजी करें और पानी की व्यवस्था पास रखें।”
उन्होंने कहा कि “सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।”







