भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बुधवार तड़के उज्जैन स्थित प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में भव्य भस्म आरती में शामिल होकर भगवान शिव से देश के लिए जीत और सफलता की कामना की। सुबह-सुबह सभी खिलाड़ी नंदी हॉल में बैठकर लगभग दो घंटे तक आरती में शामिल रहीं और श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूरे मंदिर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में पूरी टीम बाबा महाकाल के दरबार में पहुंची। टीम में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्रकार, रितिका रावल, हरलीन देओल, यशि चरनी, स्नेहा राणा, रेणुका सिंह ठाकुर, अमनजोत कौर, अर्शिता गोरे और राधा यादव सहित अन्य खिलाड़ी शामिल थीं। सभी ने विधिवत रूप से पूजा-अर्चना कर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
टीम की इस विशेष यात्रा का उद्देश्य था हाल ही में चल रहे ICC महिला विश्व कप में देश के लिए विजय की कामना करना। मंदिर प्रबंधन समिति ने सभी खिलाड़ियों का विशेष सम्मान किया और उन्हें प्रसाद एवं उपहार भेंट किए। यह दृश्य न केवल श्रद्धा और आस्था का प्रतीक बना, बल्कि इसने खिलाड़ियों में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी किया।



