ब्लैक में शराब बेचने पर खूनी गैंगवार: लकड़ी के बत्ते से पीट-पीटकर युवक की हत्या, दूसरा घायल होकर बचा”

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ब्लैक में शराब बेचने को लेकर देर रात एक भीषण गैंगवार हो गया। अवैध शराब विक्रेता और उसके साथियों ने दो युवकों पर लकड़ी के बत्ते से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। यह घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक करबला निवासी किशन यादव (19) अपने दोस्त साहिल सोनकर के साथ देर रात लुतरा उर्स देखकर लौट रहा था। इस दौरान उन्होंने ब्लैक में शराब खरीदने की कोशिश की। आरोपी साहिल साहू वहां अवैध शराब बेच रहा था। जब दोनों ने उससे शराब मांगी तो उसने 120 रुपए की शराब को 250 रुपए में देने की बात कही। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर साहिल साहू ने अपने साथियों को बुला लिया और किशन यादव तथा साहिल सोनकर पर लकड़ी के बत्ते से हमला कर दिया। दोनों को बेरहमी से पीटा गया। जान बचाकर भागते समय साहिल सोनकर जमीन पर गिर गया, जिससे हमलावरों ने उसे और बुरी तरह पीटा। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि किशन यादव किसी तरह भागकर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में दोनों को अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान साहिल सोनकर की मौत हो गई जबकि किशन यादव का इलाज जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और घायल युवक दोनों ही आदतन अपराधी हैं। शराब की कीमत को लेकर हुआ विवाद इस जानलेवा वारदात में बदल गया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मुख्य आरोपी साहिल साहू और उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल साहिल साहू फरार बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment